सिंभावली। शुक्रवार की देर शाम क्रय केंद्र से गन्ना लेकर जा रहा ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉला अनूपशहर शाखा की नहर पटरी पर बक्सर रेग्यूलेटर के निकट कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार सवार चारों युवकों को निकाल लिया गया है।
सिंभावली में रेलवे रोड निवासी पवन अपने साथी सौरभ गर्ग व हरोड़ा गांव निवास मोहन, कृष्णा उर्फ लल्ला कार में सवार होकर जनपद बुलंदशहर के अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने के लिए जा रहे थे। जैसे ही कार सवार युवक नहर पटरी पर बक्सर नहर रेग्यूलेटर से आगे निकले, इसी दौरान सामने से आ रहे ओवरलोड गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉले का चालक नियंत्रण खो बैठा। इस कारण तेज रफ्तार ट्रैक्टर और ट्रॉला पलट गया। ट्रॉले में भरी गन्ने की पूली कार पर जा गिरी। कार गन्ने की पूलियों के नीचे दब गई और उसमें सवार युवकों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के खेतों से किसान व राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कार के शीशे तोड़कर चारों युवकों को बाहर निकाल लिया। उन्हें मामूली चोेट लगी हैं। इसी बीच चालक मौके का फायदा उठाकर ट्रैक्टर-ट्राले को छोड़कर वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गया।
ओवरलोड वाहनों पर नहीं हो रही कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्रय केंद्रों से वाहनों में ओवरलोड गन्ना भरकर चालक तेज गति से चलते हैं। जो कई बार हादसों का कारण बनते हैं। कुछ दिन पहले ही गन्ने से भरे ओवरलोड ट्रक की टक्कर से गढ़ नगर में कोतवाली मार्ग पर स्ट्रीट लाइट का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके अलावा कई अन्य मामले हो चुके हैं। ओवर लोड वाहन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
कोट -
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि कार सवार युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। गन्ने को नहर पटरी से हटवाया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्राले को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश कराई जा रही है। उनका कहना है कि समय-समय पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाता है। जल्द ही अभियान चलाकर ऐसे वाहनों व चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।