मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों को मौनी अमावस्या के कारण सोमवार को गढ़ में जाम से जूझना पड़ सकता है।
मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान करने के लिए रविवार रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी था। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पीएसी समेत काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
सीओ गढ़ सतीश चंद्र पांडेय ने बताया कि श्रद्धालुओं का गढ़ पहुंचने का सिलसिला जारी है। जाम से निपटने के लिए तैयारियां की गई हैं। रविवार रात तक हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था।
सोमवार को वाहनों का दबाव ज्यादा बढ़ने पर डायवर्जन लागू किया जा सकता है। जाम की स्थिति में मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की तरफ आने-जाने वाले वाहन ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर जाम से बचते हुए हाईवे पर पहुंच सकेंगे।
वहीं, मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के वाहन गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महमाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर जा सकेंगे। बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद से आने वाले वाहन ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर निकलेंगे।