हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने चेकिंग के दौरान ओडिशा से सूटकेस में रखकर गांजा लाकर बेचने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 किलो गांजा, दो लग्जरी सूटकेस, तीन मोबाइल व तस्करी में प्रयुक्त कार बरामद की है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ बुधवार की शाम कल्याणपुर नहर पुल के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने एक कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक पुलिस को देख कार को भगाने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी करके कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार में रखे दो सूटकेसों में गांजा मिला। पुलिस ने कार सवार मनीष कुमार उर्फ मीनू निवासी मोहल्ला कालियागढ़ी थाना मेडिकल जिला मेरठ, वसीम निवासी मोहल्ला राजनगर थाना खेकड़ा जिला बागपत व अजरुद्दीन निवासी गांव बहरामपुर थाना मान्धाता जिला प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी मनीष अपने मोहल्ले में कंफैक्शनरी की दुकान और वसीम व अजरुद्दीन कपड़ों की फेरी लगाने का काम करते हैं। जिला हापुड़, मेरठ व बागपत में आरोपी मनीष पर चार व वसीम पर दो हत्या का प्रयास, एनडीपीएस एक्ट व आबकारी अधिनियम आदि के मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी अजरुद्दीन का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
ओडिशा से सूटकेस में रखकर लाते हैं गांजा
एएसपी ने बताया कि आरोपी अच्छे कपड़े पहनकर ओडिशा से लग्जरी सूटकेस में गांजा रखकर ट्रेन के माध्यम से लाते हैं। ताकि ट्रेन की किसी को कोई शक न हो। वहां से गांजा लाकर अपनी कार से डिमांड आने पर लोगों को सप्लाई करते हैं।
3500 रुपये किलो खरीदकर सात हजार में बेचते हैं गांजा
एएसपी ने बताया कि आरोपी ओडिशा से 3500 रुपये किलो गांजा खरीदकर जिला हापुड़, मेरठ व बागपत में डिमांड मिलने पर लोगों को सात हजार रुपये में बेचकर धन कमाते थे।