मेला रोड पर पुलिस पर हमले के दौरान बनी हंगामे की स्थिति। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले से लौटने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यातायात व्यवस्था देख रहे दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों पर श्रद्धालुओं ने हमला कर दिया। इस दौरान तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से पांच श्रद्धालुओं को हिरासत में लिया है।
गढ़ कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक गौरव कुमार, सचिन कुमार, उमंग कुमार मेला मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू करा रहे थे। इसी दौरान एक कार को वहां से निकालने के दौरान एक श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। इसी बात से नाराज ट्रैक्टर सवार पुलिसकर्मियों से गाली गलौज करने लगा। मना करने पर आरोपी ट्रैक्टर से नीचे उतर आया और हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान उसके कुछ साथी भी आ गए और उन्होंने भी तीनों पुलिसकर्मियों पर हमला कर घायल कर दिया। मामले की सूचना पर भारी पुलिस मौके पर पहुंच गई और पांच लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।