पिलखुवा और धौलाना थाना क्षेत्र में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई और सात लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
पिलखुवा में जिंदलनगर के पास हुए एक्सीडेंट में वृद्ध की शिनाख्त नहीं हो सकी है शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गौतमबुद्घनगर के थाना जारचा स्थित ऊंचाअमीपुर गांव निवासी ऋषि कुमार पुत्र मनवीर अपनी पत्नी सुनीता और राकेश पुत्र देवेंद्र अपनी चाची राजवती पत्नी सत्यवीर सिंह व भतीजी खुशी के साथ स्कूटी व बाइक से पिलखुवा के शामली गांव जा रहे थे।
कंदौला रजवाहे के पुल पर सामने से आ रहे गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्रॉला ने टक्कर मार दी। हादसे में सुनीता और राजवती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ऋषि कुमार, राकेश और खुशी घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को धौलाना सीएचसी में भर्ती कराया। दूसरा हादसा पिलखुवा में हुआ। हाईवे पर जिंदलनगर के पास अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे वृद्ध को टक्कर मार दी।
हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक के शरीर पर कुर्ता पजामा है। तीसरी घटना गालंद कट के पास शनिवार सुबह हुई।
कोहरे के चलते दो कारों की भिड़ंत हो गई। हादसे में गाजियाबाद निवासी अजय जिंदल, उनकी पत्नी सुनीता जिंदल, बेटा रजत और बेटी श्वेता घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने आसपास के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल यादव ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। धौलाना में हुए सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। जिंदलनगर के पास हुए सड़क हादसे में मृतक वृद्ध की शिनाख्त नहीं हो सकी है।