गंदूनगला गांव में शनिवार को बाइक फिसलने से दो महिलाओं समेत बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों घायलों को सिंभावली पीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से महिलाओं को हायर सेंटर हापुड़ के लिए रेफर कर दिया गया।
जनपद बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव खालौर निवासी योगेंद्र अपनी मां मीना देवी और बुआ बीरो देवी को लेकर शनिवार को बाइक से जलालपुर जा रहा था। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव गंदू नगला के पास अचानक बाइक के सामने एक बच्चा आ गया।
उसे बचाने के चक्कर में योगेंद्र संतुलन खो बैठा और बाइक फिसल गई। इससे बाइक पर मौजूद तीनों लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने तीनों घायलों को सिंभावली पीएचसी में भर्ती कराया।
उधर, बीकानेर से सिकंदराबाद जा रहा दूध से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर से दूध बटोरने के लिए आसपास के क्षेत्र के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने टैंकर को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया।
शनिवार सुबह बीकानेर से दूध लेकर एक टैंकर सिकंदराबाद जा रहा था। बुलंदशहर रोड पर हाफिजपुर थाना क्षेत्र में गांव सादिकपुर के पास अचानक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटने से दूध गिरने लगा।
सूचना पर आसपास के लोग बाल्टी और अन्य बर्तनों के साथ मौके पर जमा हो गए। लोगों ने टैंकर से निकल रहे दूध को बर्तनों में भरना शुरू कर दिया। पुलिस ने क्रेन के माध्यम से टैंकर को रास्ते से हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
वहीं एक सप्ताह पहले गांव भरना में घर के बाहर खेल रही बच्ची को टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ शनिवार को रिपोर्ट दर्ज हुई। सिंभावली क्षेत्र के गांव भरना निवासी रविंद्र सिंह ने शनिवार को थाने में तहरीर दी है।
बताया कि 10 जून की देर शाम उसकी आठ वर्षीय बेटी तपस्वी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान गांव चितसौना, थाना बीबी नगर, जनपद बुलंदशहर निवासी अभिष सरदार सिंह कार से वहां पहुंचा।
उसने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए तपस्वी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर हालत में तपस्वी का एम्स में इलाज चल रहा है। एसओ दीक्षित त्यागी ने बताया कि कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।