हापुड़। जिले में डेंगू के तीन नए मरीज मिले हैं। हरसिंहपुर गांव में दो और महमूदपुर के एक मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में अब डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 39 पहुंच गई है। साथ ही टीमों ने दोनों गांवों से बुखार के मरीजों के नमूने जुटाए हैं।
हरसिंहपुर में बुखार का प्रकोप दो सप्ताह से है। दो बच्चों की भी पिछले दिनों मौत हो गई थी। जिसमें एक को टाइफाइड था। गांव में अब तक पांच डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। डीएमओ डॉ.सत्येंद्र कुमार ने बताया कि एलाइजा जांच में मंगलवार को तीन मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले हैं।
जिन स्थानों पर डेंगू के मरीज मिले, उनके घरों के आसपास लार्वा नष्ट कराया गया। यहां बड़ी संख्या में लार्वा मिला, लोगों को डेंगू से बचाव की भी जानकारी दी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.सुनील त्यागी ने बताया कि डेंगू के मरीजों की निगरानी कराई जा रही है। दवाओं से मरीज स्वस्थ हो रहे हैं।