हापुड़। करीब सात साल पुराने हत्या के मामले में न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष अदालत ने तीन आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया है। अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ आरोपों को संदेह से परे साबित करने में सफल नहीं रहा। मामले में प्रत्यक्षदर्शी गवाह का अभाव और साक्ष्यों में कई विरोधाभास सामने आए।
मामला तीन अगस्त 2019 का है। हापुड़ नगर क्षेत्र के गांव दादरी के पास आदेश त्यागी के गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान हरियाणा के पानीपत जिले के गांव खचरौली निवासी सोमनाथ (27) के रूप में हुई थी। वह हापुड़ की गेल कंपनी में नौकरी करता था। मृतक के पिता हेमराज ने प्रीतम, नवीन और रोबिन निवासी सोनीपत पर पैसों के लेनदेन के विवाद में चाकू से गोदकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट में आरोपपत्र दाखिल किया था।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष की कहानी में महत्वपूर्ण विरोधाभास हैं। जिस कर्मचारी को घटना का अहम गवाह बताया गया। उसने आरोपियों को पहचानने से इन्कार किया और हत्या होते देखने की बात भी नहीं कही। वहीं, चिकित्सकीय साक्ष्य में भी चोटों के चाकू से लगने की पुष्टि नहीं हुई। पैसों के लेनदेन को साबित करने के लिए भी ठोस साक्ष्य पेश नहीं किए गए। इस आधार पर विशेष न्यायाधीश ज्ञानेंद्र सिंह यादव ने फैसला सुनाते हुए प्रीतम, नवीन और रोबिन को दोषमुक्त कर दिया।