हापुड़। जिले की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ही दिन में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 113 अंक बढ़कर 228 से 341 पर पहुंच गया। इस कारण हापुड़ देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में नौवें स्थान पर पहुंच गया। दोपहर में थोड़ी देर के लिए मौसम साफ हुआ लेकिन शनिवार दोपहर बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में एक बार फिर धुंध की चादर छा गई। सड़कों पर धूल के गुबार और हवा में मौजूद प्रदूषित कणों के कारण लोगों को आंखों में जलन और गले में खराश की समस्या बनी हुई है।
शुक्रवार शाम से ही प्रदूषण का स्तर बढ़ना शुरू हो गया था। शाम सात बजे एक्यूआई 273 दर्ज हुआ। इसके बाद शनिवार की सुबह से ही इसमें अचानक तेजी आई और शाम चार बजे जारी हुए बुलेटिन में औसतन एक्यूआई 341 दर्ज हुआ। सुबह से ही सड़कों पर धुंध रही। इसके चलते दिन में भी वाहनों को लाइट जलाकर चालक निकले।
जिले में प्रदूषण बढ़ने के पीछे फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं, वाहनों का लगातार संचालन, सड़कों पर उड़ती धूल और निर्माण कार्यों को प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं हो रहा है। निर्माण सामग्री भी खुले में रखी जा रही है। औद्योगिक क्षेत्रों में ईंधन के रूप में प्रतिबंधित सामग्री के इस्तेमाल की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
शिकायतों और लगातार बढ़ते प्रदूषण के बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। दोपहर बाद वातावरण में धुंध बढ़ने से दृश्यता भी प्रभावित हुई। सुबह और शाम के समय सड़कों पर निकलने वाले लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए स्थिति ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है।
नियमित निगरानी और छिड़काव जरूरी
पर्यावरणविद प्रोफेसर डॉ. अब्बास अली के अनुसार, प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केवल अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए लगातार निगरानी और जमीनी स्तर पर कार्रवाई जरूरी है। सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव करने, निर्माण स्थलों को ढकने, निर्माण सामग्री को खुले में रखने से रोकने और वाहनों से निकलने वाले धुएं की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। फैक्ट्रियों में प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों के संचालन की भी नियमित जांच होनी चाहिए।
बढ़ते प्रदूषण में सावधानी बरतें
चिकित्सक डॉ. अशरफ का कहना है कि प्रदूषण बढ़ने पर लोगों को अनावश्यक रूप से खुले में निकलने से बचना चाहिए। खासकर सुबह और शाम के समय हवा में प्रदूषित कणों का प्रभाव अधिक महसूस होता है। बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला मास्क इस्तेमाल करें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। आंखों में जलन, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या सीने में भारीपन होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
आसपास के क्षेत्रों में एक्यूआई की स्थिति
क्षेत्र का नाम एक्यूआई
दिल्ली 367
गाजियाबाद 333
नोएडा 318
मेरठ 367
गजरौला 330
बुलंदशहर 248
नोट : यह आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट से लिए गए हैं।
कोट
आसपास के सभी क्षेत्रों में शनिवार को प्रदूषण बढ़ा है। जिले में हालात सामान्य करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव अधिक कराने के निर्देश दिए हैं। यदि कहीं कूड़ा जल रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार, एडीएम