ईद का त्योहार बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ईदगाह में शहर काजी कारी मोहम्मद असगर ने ईद की नमाज अदा कराई और मुल्क में अमन चैन की दुआ कर लोगों से शांति व सौहार्दपूर्ण ढंग से ईद मनाने की अपील की। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर आमीन कहा।
उधर, गढ़ व पिलखुवा में ईद पूरे जोश से मनाई गई। ईद को लेकर सुबह होते ही लोगों में गजब का उत्साह दिखा। निर्धारित समय पर ईदगाह व अन्य मस्जिदों में पहुंचकर लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे नमाज पढ़ने के लिए ईदगाह पर पहुंचे। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
उधर, ईद के अवसर पर दिनभर हिंदु-मुस्लिम समाज के लोग एक दूसरे को ईद की मुबारकवाद देते रहे तथा जमकर शीर की दावतों का दौर चलता रहा। उधर मुस्लिम समाज के लोग अपनी रिश्तेदारियों में जाकर दिनभर ईदी देने का शुभ कार्य भी करते रहे।
ईद के अवसर पर ईदगाह पर भीड़ को देखते हुए पुलिस ने बुलंदशहर रोड पर वाहनों का आवागमन सुबह करीब सात बजे से रोक दिया और तीन घंटे बाद करीब दस बजे बुलंदशहर रोड पर वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। इस दौरान वाहनों को बाईपास से निकलवाया गया।
ईदगाह पर डीएम अनिल ढींगरा, एसपी अलंकृता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक रामनयन यादव, एडीएम रजनीश राय, एसडीएम मीनू राणा, सीओ विशाल यादव, पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा, विधायक गजराज सिंह, बसपा के हापुड़ विधान सभा सीट से प्रत्याशी आदेश गुड्डू, सपा जिलाध्यक्ष किशन सिंह तोमर, जनता दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता कुंवर दानिश अली, सपा से हापुड़ विधान सीट के प्रत्याशी तेजपाल प्रमुख, नौशाद कुरैशी, केशर कुरैशी, व्यापारी नेता संजय अग्रवाल, तनसीर परवेज उर्फ तन्नो, आकिल, आबिद, इरफान, याद इलाही कुरैशी, फराज, बब्बू, सिराज कुरैशी आदि मौजूद रहे।
उधर, नगर पंचायत बाबूगढ़ में बृहस्पतिवार की सुबह को ईदगाह पर बसपा नेता अजय सिंह जयंता, पूर्व चेयरमैन हरपाल सिंह, डा.शराफत अली, अशरफ अली, इस्लामुद्दीन आदि ने मुस्लिम समाज के लोगों को मुबारकबाद दी।