नगर के वार्ड नंबर तीस के लोग नाले के निर्माण में अनियमितताओं के कारण पिछले कई माह से गंदगी और जलभराव से जूझ रहे हैं। समस्या से परेशान त्यागी नगर के लोग मतदान बहिष्कार की घोषणा भी कर चुके हैं। बावजूद इसके न तो जनप्रतिनिधि और न ही प्रशासनिक अधिकारी समस्या को लेकर गंभीर हैं।
वार्ड नंबर तीस के अंतर्गत मोहल्ला त्यागी नगर, शिवपुरी, नई शिवपुरी, देवलोक कालोनी, फूटीलाइन, कृष्णा नगर, पक्काबाग आदि हैं। इनमें से अधिकतर मोहल्ले स्वर्ग आश्रम रोड पर नगर पालिका द्वारा पिछले कई माह से चल रहे नाला निर्माण के कारण परेशान हैं।
निर्माणाधीन नाले में अनियमितताओं के कारण इससे जुड़े ये मोहल्ले बुरी तरह प्रभावित हैं। स्थानीय निवासी नीरज त्यागी ने बताया कि मोहल्ले के लोगों का जीवन नरक बन चुका है। शासन, प्रशासन कोई सुनवाई करने को तैयार नहीं है।
समस्या का समाधान न होने पर मोहल्ले के लोगों ने चुनाव बहिष्कार करने का एलान कर रखा है। इसके बावजूद न तो प्रशासन और न ही नगर पालिका ने यहां की सुध ली है। कोई भी अधिकारी आम आदमी की सुनने को तैयार नहीं है।
वार्ड निवासी सचिन त्यागी, अजय शर्मा, विनय शर्मा, अवनीश शर्मा, अमित त्यागी, यश त्यागी, निखिल त्यागी, अरुण त्यागी, उर्मिला देवी, मनोज कौशिक, नरेश कुमार, विजय कुमार, राजीव कौशिक, वीरेंद्र त्यागी, तरुण त्यागी, आकाश ने स्पष्ट कहा कि वह किसी भी प्रत्याशी को वोट नहीं देंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष मालती भारती ने कहा कि वार्ड नंबर तीस में बहुत विकास कार्य हुए हैं। स्वर्ग आश्रम रोड पर बन रहे नाले के कारण कुछ स्थानों पर दिक्कत जरूर हो रही है, लेकिन नाले का निर्माण पूरा होनेे के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी।