बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गन्दूनगला में बदमाशों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित किसान संदीप, दलवीर और अमरपाल के घरों में देर रात बदमाश घुस आए। बताया गया कि बदमाशों ने घरों में रखी नगदी, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। पीड़ित परिवारों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस गश्त कमजोर है, जिसका फायदा उठाकर बदमाश लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने रात में नियमित गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है।
उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में चोरी और लूट दोनों बिंदुओं पर पड़ताल चल रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस ने जल्द घटना के खुलासे का दावा किया है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है बदमाशों की तलाश के लिए टीम गठित की हैं जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।