हापुड़। थाना धौलाना पुलिस ने 20 दिन पहले गांव पिपलैड़ा स्थित एक घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। घर की एक महिला ने अपने प्रेमी के संग मिलकर अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। दोनों रकम के साथ भागने की फिराक में थे। पुलिस ने महिला व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से चोरी किए हुए छह लाख रुपये के गहने व 1.97 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि 21 अगस्त को गांव पिपलैड़ा निवासी इस्माइल ने थाने पर दर्ज रिपोर्ट कराते हुए बताया था कि 19 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह उनका पुत्र इस्राइल व पुत्रवधू फरहीन मुख्य दरवाजा बंद कर अंदर का दरवाजा खोलकर सो रहे थे। सुबह उठकर देखा कि उनकी अलमारी खुली थी। इसमें रखे सोने व चांदी के गहने, बेचे गए उनके प्लॉट के रुपये व सामान चोरी हो गया था। इस संबंध में इस्माइल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में किसी घर के व्यक्ति द्वारा घर में चोरी कराने का मामला प्रतीत हुआ। पुलिस ने घटना के समय घर में मौजूद तीन लोगों की मोबाइल कॉल डिटेल पर काम करना शुरू किया। इस्माइल की पुत्रवधू फरहीन की सीडीआर से चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी पुत्रवधू फरहीन को पिपलैड़ा अड्डे के पास व इसके प्रेमी वाहिद निवासी गांव पलवाड़ा थाना बहादुरगढ़ हापुड़ को पिपलैड़ा ईदगाह के पास से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी घर से चोरी किए हुए गहने व नकदी के साथ कहीं भागने की फिराक में थे।
एएसपी ने बताया कि आरोपी फरहीन इस्माइल की पुत्रवधू है। उसकी शादी करीब दस वर्ष पहले इस्राइल निवासी गांव पिपलैड़ा के साथ हुई थी। इसके घर से करीब पांच मकान छोड़कर इसके प्रेमी वाहिद के मामा का घर है। पिछले करीब डेढ़ वर्ष से वाहिद का अपने मामा के घर कुछ ज्यादा ही आना जाना हो गया था। इसी बीच फरहीन की वाहिद की मुलाकात हो गई। देखते ही देखते दोनों में प्रेम प्रसंग भी हो गया था।
प्लाॅट बिकने के बाद बनाई थी योजना
एएसपी ने बताया कि फरहीन के ससुर इस्माइल ने अपना एक प्लॉट बेचकर घर में रखी अलमारी में रुपये रखे थे। इसमें ही लाखों रुपये के सोने व चांदी के गहने भी रखे हुए थे। ससुर इस्माइल मुख्य दरवाजे पर कूलर लगाकर दरवाजे की चाबी पास में ही लटका दिया करते थे। फरहीन को इसकी जानकारी थी और घटना की रात से पहले ही उसने यह सब बातें अपने प्रेमी वाहिद को बता रखी थीं। घटना की रात से कुछ दिन पहले ही फरहीन ने अपने प्रेमी वाहिद से मिलकर अपने ही घर में चोरी की योजना बनाई थी।
19 अगस्त की देर रात करीब डेढ़ बजे योजनाबद्ध तरीके से पुत्रवधू फरहीन ने अपने प्रेमी वाहिद संग मिलकर अपने ही घर में करीब छह लाख रुपये के गहने व 1.97 लाख रुपये की नकदी चोरी करा दी। आरोपी वाहिद चोरी के गहने व नकदी लेकर फरार हो गया था। फरहीन तीन बच्चों की मां है जबकि उसका प्रेमी वाहिद अविवाहित है।