कारपोरेशन की लापरवाही के कारण बीते कई महीने से बिल नहीं बांटे जा सके हैं। जिस कारण उपभोक्ताओं का बिल पेनाल्टी के साथ जुड़कर आ रहा है। इसके विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के के तत्वावधान में व्यापारियों व ग्रामीणों ने शनिवार को कुचेसर चौपला स्थित बिजली घर पर एसडीओ का घेराव किया।
कुचेसर चौपला स्थित बिजलीघर से जुड़े गांव उदयपुर, बनखंडा, कुचैसर चौपला, रसूलपुर, उपैड़ा, दयानतपुर व रमपुरा गांवों में बीते कई महीने से बिल वितरित नहीं किए गए हैं। जबकि निगम अफसरों ने बकाएदारों के कनेक्शन काटने का अभियान शुरू कर दिया है।
निगम अफसरों की लापरवाही से उपभोक्ताओं के बिल में पेनाल्टी भी जुड़ती जा रही है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। जिसके विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ठेकेदार नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने उपखण्ड अधिकारी का घेराव किया।
एसडीओ प्रवीण कुमार का कहना है कि बिल वितरित करने वाले पुराने ठेकेदार को हटा दिया गया है। नए ठेकेदार को बिल वितरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 10 हजार रुपये से अधिक बकायादारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
घेराव करने वालों में रामकिशन गोयल, शीशपाल सिंह, प्रमोद कंसल, विशाल कंसल, उर्मित गोयल, यशवीर चौधरी, धर्मेन्द्र नागर, संसार कुमार, रिंकू पाल आदि मौजूद रहे।