दो घटनाओं में महिला समेत तीन घायल हुए
- फोटो : अमर उजाला
भूमि विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच जमकर लाठियां चलीं। इसमें छोटे भाई ने भाई-भाभी को मारपीटकर घायल कर दिया। वहीं, दूसरी ओर एक युवक ने फुफेरे भाई की पिटाई कर घायल कर दिया।
सिंभावली क्षेत्र के फुलडेहरा गांव में मकान के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद को लेकर शुक्रवार को दो सगे भाइयों पिंटू और राकेश के बीच मारपीट हो गई। बीच बचाव करने आई राकेश की पत्नी ललिता के साथ भी पिंटू ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायल राकेश और ललिता ने थाने में तहरीर दी है।
वहीं, हरोड़ा निवासी सुरेश ने पुलिस को बताया है कि उसका ममेरा भाई अतुल उससे रंजिश रखता है। वह उसकी खेती और आवासीय भूमि पर कब्जा करना चाहता है। इसको लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता है।
शुक्रवार को भी अतुल ने बिना वजह उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। एसओ एनके शर्मा ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।