सिंभावली। क्षेत्र के गांव सिखेड़ा के निकट मिनी ट्रक की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में मिनी ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को सीएचसी सिखेड़ा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि रेफर किए जाने के बाद काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिसके चलते उन्हें घायल को निजी वाहन से मेरठ ले जाना पड़ा। इस दौरान सीएचसी के स्टाफ और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हुई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जनपद हापुड़ के गांव असौड़ा निवासी साबिर मिनी ट्रक लेकर गढ़ से हापुड़ की ओर जा रहे थे। सिखेड़ा गांव के निकट उनके मिनी ट्रक की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में साबिर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
घायल के परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद भी समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसको लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई। साबिर की तीमारदार रूबी के अनुसार एंबुलेंस में देरी होने के कारण उन्हें घायल को निजी वाहन से मेरठ ले जाना पड़ा। इसी बात को लेकर सीएचसी के स्टाफ और परिजनों के बीच नोकझोंक हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जिला एंबुलेंस प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि सूचना के आधार पर एंबुलेंस समय से मौके पर पहुंच गई थी लेकिन परिजनों ने एंबुलेंस से जाने से मना कर दिया और घायल को अपने वाहन से ले गए।