मेरठ रोड स्थित दादरी गांव में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण न होने के विरोध में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ न मिल पाने के विरोध में प्रदर्शन किया।
चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। ग्राम प्रधान अमरदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2008-09 में दादरी गांव में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शुरू कराया गया था,
लेकिन किसी कारणवश निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। आलम यह है कि आठ साल बाद भी स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इलाज के लिए शहरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। निजी अस्पतालों में चिकित्सकों की भारी भरकम फीस के चलते मरीज अपना इलाज भी सही तरीके से नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई बार इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है,
लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में सुरेंद्र त्यागी, कमलेश, जयवती, सुरेश देवी, माया, मिथलेश, विमलेश, ओमपाल सिंह, रतनलाल सिंह, महिपाल सिंह, निक्की मास्टर, महेश आदि मौजूद रहे।