बाबूगढ़ स्थित सिंभावली शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर सोमवार को घटतौली पकड़े जाने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। गन्ना भरी बुग्गियों के कारण एनएच-24 काफी देर तक जाम रहा।
सूचना पर पहुंचे गन्ना सचिव के निरीक्षण में भी घटतौली पकड़ी गई। उन्होंने सहायक चीनी आयुक्त को रिपोर्ट भेज दी है। बाबूगढ़ स्थित अटूटा रोड पर सिंभावली शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र लगा हुआ है।
इस केंद्र पर अटूटा, सिमरौली, बाबूगढ़, बागड़पुर के किसानों का गन्ना डाला जाता है। सोमवार को बागड़पुर निवासी रामपाल ट्रॉली में गन्ना भरकर केंद्र पर पहुंचा। तौल के दौरान गन्ने का भार काफी कम उतरने पर उसे घटतौली की आशंका हुई।
अन्य धर्म कांटे पर गन्ना तुलवाया गया तो वह भार में कहीं अधिक निकला। इस पर गन्ना किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र पर जोरदार हंगामा कर दिया। इसके चलते एनएच-24 पर गन्ने की बुग्गियों के कारण जाम लग गया।
काफी देर तक यही हालात बने रहे। इस दौरान किसी किसान ने एसडीएम को फोन कर दिया। सूचना पर आनन फानन में गन्ना समिति के सचिव मनोज कुमार को मौके पर भेजा गया। उनके निरीक्षण में भी घटतौली मिली।
इससे किसानों ने केंद्र संचालक के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। सचिव के समझाने पर किसान किसी तरह शांत हुए।
जिला गन्ना अधिकारी नम्रता कश्यप ने बताया कि सचिव के निरीक्षण में घटतौली मिली है। इस संबंध में रिपोर्ट सहायक चीनी आयुक्त को प्रेषित कर दी गई है। किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।