हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वांचल से जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे आज से आम जनता के लिए खुलेगा। मेरठ से प्रयागराज तक करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे पश्चिम को पूर्वांचल से जोड़ेगा।
अभी प्रयागराज तक पहुंचने में 12 से 13 घंटे लगते हैं। इस एक्सप्रेसवे के बाद छह-सात घंटे में सफर पूरा होगा। यूपीडा के अधिकारियों के अनुसार, गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी। इससे रोजगार के अवसर खुलेंगे और जिले की प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी। निवेश के अवसर बढ़ेंगे तो स्थानीय स्तर पर विकास तेजी से होगा। बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बहादुरगढ़ में 300 एकड़ में औद्योगिक गलियारा विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। गंगानगरी के विकास को मिलेगी रफ्तार : गढ़मुक्तेश्वर, जो धार्मिक और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, अब तेज कनेक्टिविटी के चलते व्यापार व पर्यटन का प्रमुख केंद्र तेजी से बनेगा। ब्रजघाट का विकास पहले ही हरिद्वार की तर्ज पर जारी है। ऐसे में एक्सप्रेसवे बनने से दूर के क्षेत्रों के श्रद्धालु की पहुंच भी आसान होगी।
वहीं, बरेली से आगे शाहजहांपुर आदि जिले को जाने के लिए लोग एनएच-09 की जगह गंगा एक्सप्रेसवे का अधिक इस्तेमाल करेंगे। इससे एनएच-09 पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।
भैना सदरपुर में जुटेंगे हजारों लोग, प्रभारी मंत्री होंगे शामिल : बुधवार को (आज) हरदोई में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। गढ़ क्षेत्र के गांव भैना सदरपुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। करीब पांच हजार लोगों के बैठने के लिए पंडाल भी बनाया गया है।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि रहेंगे। वहीं, कार्यक्रम को लेकर डीएम कविता मीना और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मंगलवार को तैयारियों व सुरक्षा के इंतजामों को परखा है। इस दौरान सांसद कंवर सिंह तंवर, विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, जिलाध्यक्ष कविता माधरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर सहित गढ़ और हापुड़ विधानसभा के कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
भविष्य में हरिद्वार तक जाएगा एक्सप्रेसवेः यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज तक बनाया गया है। भविष्य में इसे मेरठ से हरिद्वार तक बनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार बजट में भी घोषणा कर चुकी है।
सुरक्षा को लेकर तैयारी पूरी
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस के ड्यूटी प्वाइंट तय कर दिए हैं। स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी तैनात रहेगी।
गढ़ क्षेत्र में एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करती डीएम, अन्य अधिकारी। स्रोत सूचना विभाग