एनडीआरएफ और पुलिस ने दस घंटे तलाशा
- फोटो : अमर उजाला
हापुड़ जिले में गंगानगरी में गंगा स्नान के दौरान मेरठ के एक युवक के डूबने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ मंगलवार को करीब दस घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस के अनुसार मेरठ के जागृति विहार निवासी अयांश (21) पुत्र गौरव सोमवार को अपनी मौसी के साथ गंगानगरी ब्रजघाट में गंगा स्नान करने आया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और देखते ही देखते डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह लापता हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
इसके बाद मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पूठ घाट तक व्यापक सर्च अभियान चलाया। गोताखोरों और टीम के जवानों ने नदी के विभिन्न हिस्सों में गहन तलाश की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लग सकी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन लगातार युवक की तलाश में जुटा हुआ है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही कोई सुराग मिल सकेगा।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि डूबे युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है। नदी के संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन जारी है और हर संभव कोशिश की जा रही है।