संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित गांव बदनौली मढ़ैया निवासी कालू चौधरी (27) का शव रविवार सुबह नलकूप पर पड़ा मिला। वह तीन दिन पहले अपने कपड़े लेकर घर से निकला था। पत्नी और दादी का कहना है कि कालू की हत्या की गई है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि शव के पास से कीटनाशक पाउच व गिलास बरामद हुआ है। मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
कालू का शव नलकूप पर मिलने की सूचना पर सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण व उनके परिजन पहुंच गए। शव को देखकर कालू की दादी जगवीरी, पत्नी कविता, आठ वर्षीय पुत्र अगम व पांच वर्षीय पुत्री मुस्कान का रो रोकर बुरा हाल था। ग्रामीण उन्हें सांत्वना दे रहे थे।
पत्नी कविता व दादी जगवीरी ने बताया कि तीन माह पहले गांव के ही एक व्यक्ति व उसके दो पुत्रों ने कालू से एक बीघा जमीन का बैनामा करा लिया था। उस समय कविता अपने दो बच्चों के साथ मायके में थी।
घर लौटने पर कविता के कहने पर कालू ने न्यायालय में आपत्ति व बैनामा निरस्तीकरण का वाद दायर कराया था। 15 सितंबर को एक वाद में तारीख भी थी। कविता ने बताया कि शनिवार की रात उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को तीन दिन से पति के लापता होने की सूचना दी थी।
गांव के ही एक व्यक्ति व उसके दो पुत्रों पर आरोप भी लगाया था। इसके बाद रविवार की सुबह करीब नौ बजे कविता ने चौकी पर पहुंचकर पति के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी।
गांव बदनौली में विलाप करती मृतक कालू की पत्नी व दादी। संवाद