हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर जंगल स्थित एक खेत के पास बृहस्पतिवार की सुबह गांव निवासी ज्ञान सिंह (45) का शव पड़ा मिला। शव के पास चूहे मारने वाली दवा का रेपर भी मिला है। बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे शराब पीने के विवाद के बाद ज्ञान सिंह घर से हाथ में थैला व चादर लेकर निकले थे।
हालांकि शव पर किसी प्रकार की चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस व फोरेंसिक टीम सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे कंट्रोल रूम से थाना पुलिस को गांव सादिकपुर जंगल स्थित खेत के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। जिसके बाद थाना प्रभारी प्रवीन कुमार फोरेंसिक टीम व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
शव की पहचान गांव सादिकपुर निवासी ज्ञान सिंह के रूप में हुई। शव के पास चूहे मारने वाली दवा का रेपर भी पड़ा मिला।
उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी। पत्नी व पुत्र से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि ज्ञान सिंह शराब पीने का आदी था। बुधवार की रात करीब साढ़े सात बजे ज्ञान सिंह शराब पीने के लिए घर में विवाद कर अपने हाथ में थैला व चादर लेकर घर से निकल गया था।
सीओ ने बताया कि शव के पास चूहे मारने वाली दवा का रेपर पड़ा मिला है। प्रथम दृष्टया जहर निगलने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। मौत का सही कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।