सिंभावली। गांव अकबरपुर बुकलाना निवासी भीम सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुभाष निवासी अकबरपुर बुकलाना, थाना सिंभावली के रूप में हुई है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि रंजिशन हुए विवाद में गांव बुकलाना निवासी किसान भीम सिंह की पड़ोसी परिवार के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में भीम सिंह के बेटे की तहरीर पर आरोपी पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
सीओ ने बताया कि इस मामले में गांव निवासी सुभाष नामजद था। जो तभी से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
बुधवार को सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुभाष को नवादा रोड रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जिन अन्य लोगों के नाम प्रकाश में आएंगे, उनके खिलाफ भी साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हत्याकांड में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।