पहाड़ों पर हुुई बर्फबारी ने दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से ठंड का अहसास कराया। दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की-बूंदाबांदी के बाद तेज ठंडी हवाएं चलती रहीं।
हालांकि बाद में खिली धूप ने ठंडी हवाओं के असर को थोड़ा कम किया, लेकिन शाम होते-होते एक बार फर से ठंडी हवाओं ने मौसम को सर्द कर दिया।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 48 घंटों में उत्तर पश्चिमी भारत के न्यूूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। पहाड़ों की बर्फबारी का असर उत्तर भारत के कुछ राज्यों में देखने को मिला।
दिल्ली में सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे। दोपहर 12 बजे तक बादलों व धूप के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। हालांकि उसके बाद खिली हुई धूप निकली। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं हिमपात हुआ। जबकि पंजाब और हरियाणा में कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ीं। मैदानी क्षेत्र में सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर (पंजाब) में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घटों में ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कहीं कहीं हल्की धुंध रहने की भी संभावना है।