गांव बक्सर में बारिश के दौरान दीवार गिरने से गिरा मलबा। स्रोत वीडियो ग्रैब
सिंभावली। रविवार की दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान गांव बक्सर में मकान की दीवार भर-भराकर ढह गई। जिसके मलबे की चपेट में आने से किशोरी मामूली रूप से घायल हो गई। पीड़ित ने प्रशासन से मदद की मांग की है।
मोहल्ला जमाईपुरा निवासी अबरार ने बताया कि वह सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। उनके मकान के आसपास निकासी न होने के कारण पिछले दिनों हुई बारिश का पानी भरा हुआ था। रविवार की दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान उस तरफ की नींव में पानी भर गया। जिस कारण उनके मकान की दीवार ढह गई। इस दौरान वहां पर मौजूद शहनाज पर दीवार का कुछ मलबा गिरा, जिससे वह मामूली रूप से चोटिल हो गई है।
पीड़ित ने बताया कि दीवार ढहने के साथ ही मकान के कुछ हिस्से में दरार भी आ गई है। जिससे पूरे घर के गिरने का भी खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य अंदर की तरफ थे अन्यथा मलबे की चपेट में आकर वह भी घायल हो सकते थे। अबरार ने प्रशासन से जांच कराकर उन्हें सहायता दिलाने की मांग की है। तहसीलदार पवन यादव का कहना है कि सोमवार को राजस्व टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी। जिसके आधार पर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।