हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के गांव भटियाना निवासी टैंकर चालक जावेद (32) की अलीगढ़ जनपद में हत्या कर दी गई। टैंकर चालक पिलखुवा की एक डेयरी से दूध का टैंकर लेकर दो अगस्त को प्रतापगढ़ गया था। देर शाम शव गांव पहुंचा तो परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
गांव भटियाना निवासी शाहिद ने बताया कि उनका भाई जावेद पिलखुवा स्थित एक दूध की डेयरी का टैंकर चलाता थे। दो अगस्त को वह पिलखुवा की एक डेयरी से दूध का टैंकर लेकर प्रतापगढ़ के लिए गया था। जाने से पहले यह बताकर गया था कि वह शनिवार नौ अगस्त तक वापस आ जाएगा। शनिवार सुबह जब जावेद घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने मेरठ में ट्रांसपोर्टर से बात की। ट्रांसपोर्टर ने वाहन की लोकेशन निकाली तो वह अलीगढ़ जनपद में आई। परिजन ट्रांसपोर्टर के साथ अलीगढ़ पहुंचे तो वहां पता चला कि जावेद की हत्या कर दी गई है। जावेद के गले पर निशान थे। पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर परिजन गांव भटियाना आ गए। देर शाम शव का दफीना कर दिया गया। मामले की जांच अलीगढ़ पुलिस कर रही है।