चार साल से अटके फ्लाई ओवर का काम शुरू होने के कारण पुराने दिल्ली रोड को बंद कर दिया। इससे स्याना रेलवे फाटक पर वाहनों का दबाव बढ़ने से बुधवार को दिनभर जाम लगा।
दिनभर सैकड़ों वाहन फाटक पर अटके रहे और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। बदरखा फाटक के रेलवे ओवर ब्रिज पर फिर से शुरू हो गया है।
गढ़-चौपला से नेशनल हाईवे को जाने वाले पुराने दिल्ली रोड पर बंद कर दिया है। इससे वाहनों का दबाव स्याना फाटक पर बढ़ गया है, जिससे लगातार तीसरे दिन भी जाम की स्थिति रही।
दिल्ली-लखनऊ रूट पर 24 घंटे में 80 से भी अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है। फाटक बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती हैं।
गढ़ खादर क्षेत्र और मेरठ रोड पर स्थित गांवों के क्रय केंद्रों से गन्ना लादकर सिंभावली शुगर मिल को जा रहे वाहनों का आवागमन होने से जाम की स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
दोपहिया वाहनों को भी आगे निकलने का रास्ता नहीं मिल सका। मेरठ के अस्पतालों को जा रहीं कई एंबुलेंस भी फंसी रहीं।
पुराना दिल्ली रोड बंद होने से वाहनों का दबाव स्याना फाटक पर बढ़ गया था। जाम से निपटने के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। - केबी सिंह, एसडीएम