सिंभावली शुगर मिल पर गंगा पार से लाया जा रहा तस्करी का गन्ना खरीदने का आरोप लगा है। मंगलवार रात भाकियू नेताओ गंगा पार से लाई जा रही गन्ने से लदी दो ट्रैक्टर-ट्राली भी पकड़ीं।
गन्ना समिति सचिव ने संभावली शुगर मिल सीजीएम, जीएम, गेट इंचार्ज और केन मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
राष्ट्रीय सचिव सतबीर सिंह, जिलाध्यक्ष धनवीर शास्त्री और जिला प्रभारी दिनेश खेड़ा के निर्देश पर इन दिनों गन्ना तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
मंगलवार रात भाकियू नेता ब्रजघाट गंगा पुल पर निगरानी कर रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे गंगा पार से दो ट्रैक्टर-ट्रॉले सैकड़ों कुंतल गन्ना लादकर आ रहे थे।
जिन्हें भाकियू कार्यकर्ताओं ने रोका और चालक रिफाकत, अंसार निवासी मोहरका पट्टी थाना गजरौला जिला अमरोहा को दबोच लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। गन्ना तस्करी की खबर पर गन्ना समिति सचिव राजीव सेठ हरकत में आ गए।
उन्होंने सिंभावली शुगर मिल के सीजीएम करन सिंह, गन्ना महाप्रबंधक सुधीर कुमार, गेट इंचार्ज अमर सिंह, केन मैनेजर अमानुल्ला खां पर गन्ना तस्करी कराने का आरोप लगाकर गढ़ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर विरेंद्र यादव का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है।