हापुड़। मौसम में बदलाव के कारण गले में सूजन और संक्रमण की समस्या बढ़ गई है। आंखों में एलर्जी भी मरीजों को परेशान कर रही है। सीएचसी और जिला अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।
सीएचसी के अधीक्षक डॉ. कपिल गौतम ने बताया कि बदलते मौसम में यह समस्या काफी आम हो गई है। मरीज बुखार के साथ गले में दर्द और सूजन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। गले के संक्रमण के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। यह स्थिति बच्चों और बुजुर्गों दोनों को समान रूप से प्रभावित कर रही है।
ईएनटी सर्जन डॉ. मोहिनी ने बताया कि लापरवाही बरतने पर यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने कहा कि ठंडी चीजों का सेवन करने से बचें और गुनगुना पानी पिएं। गले को ढककर रखें और धूल-मिट्टी से अपना बचाव करें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और मास्क का उपयोग करें। यदि समस्या बढ़ती है तो तुरंत किसी योग्य डॉक्टर से संपर्क करें।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. समरेंद्र राय ने बताया कि मौसम में बदलाव की वजह से बच्चे बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। वायरल संक्रमण की वजह से गले में दर्द या लाल होने की समस्या हो रही है। उल्टी-दस्त की भी शिकायत है।
साथ ही एलर्जी की वजह से भी गले में संक्रमण की समस्या है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अमरजीत ने बताया कि धूप के चलते एलर्जी की शिकायतें बढ़ी हैं। मरीजों में लाल चक्कते दाने निकल आ रहे। वहीं, बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में 975 मरीजों ने परामर्श लिया।