गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर निवासी 32 वर्षीय हारिश अली ने बृहस्पतिवार की देर रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिवार ने बिना पुलिस कार्रवाई के दफीने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पिस्टल को कब्जे में ले लिया।
गांव निवासी हारिश अली के पास पिस्टल का लाइसेंस था। पिता राशिद खान के वह इकलौते बेटे थे। परिवार में मां और पत्नी के अलावा एक बहन थी। चार माह पूर्व ही उनका निकाह हुआ था। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में जूझ रहे थे। बृहस्पतिवार की देर रात परिवार के लोग खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर सो गए। देर रात को हारिश के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर तुरंत ही हारिश के कमरे में पहुंचे। जहां वह लहूलुहान हालत में बिस्तर पर पड़े हुए थे। परिजन उन्हें लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्दे खाक करने की तैयारी शुरू कर दी। लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव में पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को कब्जे में ले लिया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक का पोस्टमार्टम कराते हुए मामले की जांच कराई जा रही है।