संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। मेरठ रोड स्थित एसडीए मिशन स्कूल में सीनियर स्कूल टैलेंट एक्सपो का आयोजन हुआ। इसमें कक्षा छह से 12वीं तक के छात्र/छात्राओं ने सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति से मन मोह लिया।
कार्यक्रम में पूर्व न्यायाधीश सीमा बंसल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने से छात्रों का मनोबल बढ़ता है। बढ़ चढ़कर छात्रों को इनमें हिस्सा लेना चाहिए। साथ ही उनके द्वारा सत्र 2024-25 के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्रा-छात्राओं ने नृत्य, कविता, मौन अभिनय, भाषण गीत, एकल, हिंदी व अंग्रेजी सुलेख में भाग लेकर प्रतिभा दिखाई। प्रधानाचार्य डॉ.अतर सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ ऐसे कार्यक्रमों में प्रतिभाग करना भी जरूरी है। इससे विद्यार्थियों को अपने अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। निर्णायक मंडल में डॉ.विजय प्रताप, ललीताचंद, रेनू सैनी रहीं। इस मौके पर हरिकेष, बिजोए, आरती सिंह, पूनम राणा का सहयोग रहा।