शहर के वाशिंदों के लिए अच्छी खबर, जल्द ही खस्ताहाल सड़कों से निजात मिलेगी। नगर पालिका तकरीबन नौ करोड़ रुपये की लागत से एक दर्जन से ज्यादा सड़कों को चमाचम कराएगी। इन सड़कों का निर्माण इंटर लॉकिंग और हाट मिक्स प्लांट से होगा।
हाट मिक्स प्लांट से बनने वाली सड़कों का निर्माण बरसात बाद पूरा हो सकेगा। इन सड़कों में एलएन पब्लिक स्कूल वाली रोड भी है, जो करीब 66 लाख रुपये की लागत से बनेगी। सब कुछ ठीकठाक रहा तो जुलाई के प्रथम सप्ताह में सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
सड़कें दुरुस्त होने पर राहगीरों को आवाजाही में सहूलियत हो जाएगी। शहर की दर्जन भर से ज्यादा सड़कें इस कदर खस्ताहाल हैं कि पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। इन सड़कों पर आए दिन कोई न कोई सड़क हादसा होता रहता है और दोपहिया वाहन चालक चुटहिल होते रहते हैं।
सड़कों की दशा सुधारने के लिए अरसे से हो-हल्ला मच रहा है। नगर पालिका ने अब सुध ली है। नगर पालिका परिषद नवाजी पुरा व मंगली माता रोड तगासराय में इंटर लॉकिंग, सोटावाली और एनएन पब्लिक स्कूल रोड हॉट मिक्स प्लांट से सड़क निर्माण होने के साथ-साथ एक दर्जन से अधिक सड़कों का निर्माण कराएगी।
गढ़ रोड पर रेलवे फाटक बंद होने के कारण दो वैकल्पिक मार्ग बनवाए गए थे, जिसमें से एक एलएन पब्लिक स्कूल रोड और दूसरा जरौठी मार्ग हैं, लेकिन दोनों मार्ग जर्जर होने के कारण लोगों को करीब 8 से 10 किलो मीटर का लंबा सफर बाईपास से होकर तय करना पड़ता है।
एलएन रोड के निर्माण के लिए काफी दिनों से मांग की जा रही है, क्योंकि गढ़ रोड पर फाटक से आगे सीएचसी, कई बैंक्वट हॉल, फैक्ट्री, कालोनी व स्कूल है। आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को भी सड़क निर्माण न होने के कारण काफी दिक्कत हो रही है।
उधर, इस बाबत पालिका के सहायक अभियंता एसके सक्सेना का कहना है कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में अधिकांश कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। प्रयास किया जाएगा कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा हो जाए।
साथ ही यह भी कहा कि इस बरसात शुरू हो जाती है तो हाट मिक्स प्लांट से बनने वाली सड़कें बरसात के बाद बनेंगी। सड़कों की गुणवत्ता पर खास जोर दिया जाएगा। इसमें अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।