कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास संजय विहार कालोनी में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो मकानों में चोरी की घटना को लेकर यहां के वाशिंदों में जबरदस्त आक्रोश है।
शनिवार को भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष रूद्राक्ष त्यागी के नेतृत्व में कालोनी के लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मौके से पकड़े गए एक चोर से पूछताछ कर घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की।
इस पर एसपी ने सीओ सिटी से मामले की जांच कराकर जल्द खुलासा कराने का आश्वासन दिया है। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष रूद्राक्ष त्यागी के नेतृत्व में पहुंचे कालोनी के लोगों ने एसपी को बताया कि शुक्रवार को ए ब्लॉक में रहने वाले राजेश के मकान में चोरों ने दिनदहाड़े करीब चार लाख रुपये से अधिक की चोरी कर ली।
आवास विकास में रहने वाले दिनेश कुमार के घर में भी चोरी की वारदात हुई। दिनेश कुमार ने लोगों की मदद से एक चोर को पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद भी अभी तक मामले का खुलासा नहीं हो सका है।
इस पर एसपी अलंकृता सिंह ने कहा कि सीओ सिटी को मामले की जांच सौंपी जा रही है, जल्द ही वारदात का खुलासा हो जाएगा। इस अवसर पर विकास कुमार त्यागी, संदीप त्यागी, कुंवरपाल तोमर, आदेश त्यागी,
मनीष कुमार, सतेंद्र कुमार, पूनम शर्मा, सरोज त्यागी, अंजू त्यागी, अरुणा त्यागी, कुसुम चौधरी, मिथलेश, मोनू कालरा, पूनम त्यागी, गीता व संगीता आदि मौजूद रहीं।