पिलखुवा। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद में पथ विक्रेताओं के लिए ऋण योजना का शिविर आयोजित किया गया। इसमें रेहड़ी, पटरी, ठेला और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले पथ विक्रेताओं को योजना की जानकारी दी गई।
शिविर में पात्र पथ विक्रेताओं को 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक ऋण मिलने की जानकारी दी गई। ऋण का उपयोग कारोबार से जुड़ी जरूरतों में किया जा सकता है। समय से ऋण चुकाने पर सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा। शिविर में आवेदन प्रक्रिया, ऋण की विभिन्न श्रेणियों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई।
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलाया जा रहा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि अभियान के तहत पात्र पथ विक्रेताओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं।