हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के नई तहसील के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा होने के बाद ट्रक व कार सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार चालक रोहित (26) की मौत हो गई। जबकि कार सवार पांच बच्चों समेत 10 लोगों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। कार सवार परिवार सपनावत स्थित मां वैष्णो धाम मंदिर में माता रानी के दर्शन करके घर लौट रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जिला गाजियाबाद के मोदीनगर भोजपुर पट्टी निवासी रोहित कार में सवार होकर अपने परिवार के साथ मंगलवार की दोपहर सपनावत स्थित मां वैष्णो धाम मंदिर में माता के दर्शन कर घर लौट रहा था। नई तहसील के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रक व कार सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। इसमें कार चालक रोहित, उसकी पत्नी शीतल, बहन प्रिया, मीता, मधु, वंदना घायल हो गए।
इनके अलावा कार सवार बच्चों में अयांश, देवांश, अनिकेत, महिमा, तान्वी भी घायल हो गए। हादसा देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां कार चालक रोहित को चिकित्सकों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पांच बच्चों समेत 10 लोगों को उपचार चल रहा है। जिनमें शीतल की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।