हापुड़। भैयादूज व छठ पूजा पर ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए छह स्पेशल ट्रेनों का ठहराव दिया गया है। साथ ही यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
त्योहारों के दौरान यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो इसके लिए एटीवीएम मशीनों और मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सिस्टम (एमयूटीएस) के माध्यम से भी टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाकर यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी देने के साथ रेल वन एप डाउनलोड करने और उसका इस्तेमाल करने में मदद की जाएगी। स्टेशन परिसर में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से यात्री एप डाउनलोड कर आरक्षित और अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
मुरादाबाद रेलवे मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव का कहना है कि रेलवे के इन इंतजामों से त्योहारों पर यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने और टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होने की उम्मीद है। उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफार्म की जानकारी दी जाएगी।
हापुड़ स्टेशन पर इन छह जोड़ी ट्रेनों का ठहराव
04208-09 दिल्ली-वाराणसी
04213-14 आनंद विहार-अयोध्या कैंट
05579-80 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट
04008-09 आनंद विहार-जोगबनी
01704-03 जबलपुर-हरिद्वार
03009-10 आनंद विहार-हावड़ा