सुबह के समय धुंध में हापुड़ रेलवे स्टेशन पर आती ट्रेन। संवाद
हापुड़। दिवाली के बाद जिले की हवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है। प्रदूषण का स्तर घटने से लोगों ने राहत की सांस ली है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में 55 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को कुछ राहत मिली है लेकिन 147 एक्यूआई को भी सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। अधिकारियों और लोगों को उम्मीद थी कि दिवाली के बाद जिले का प्रदूषण स्तर तेजी से बढ़ेगा। दिवाली के अगले दिन सोमवार को आतिशबाजी और अन्य कारणों से जिले की हवा प्रदूषित हो गई थी। सोमवार को शाम चार बजे जारी बुलेटिन में जिले का औसत एक्यूआई 202 था, जबकि अधिकतम एक्यूआई 285 अंक दर्ज हुआ था।
वहीं, मंगलवार को यह घटकर 147 पर पहुंच गया। इससे हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। एक्यूआई बढ़ने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, अब स्थिति में सुधार दिखाई देने लगा है। नगर पालिका की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों और धूल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके अलावा पांच किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने से वातावरण में मौजूद प्रदूषक कणों के फैलाव में मदद मिली है। इससे भी एक्यूआई में गिरावट दर्ज की गई है।
101 से 200 के बीच एक्यूआई मध्यम प्रदूषित श्रेणी में आता है। इस स्तर का प्रदूषण सामान्य लोगों के लिए अपेक्षाकृत कम प्रभावकारी हो सकता है लेकिन फेफड़े और हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। मामले में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता विपुल कुमार का कहना है कि जिले का प्रदूषण का स्तर लगातार घट रहा है। आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और अधिक कम होगा। इसके लिए लगातार प्रयासरत हैं।