सपा में बड़े स्तर पर हुई उठापटक और शिवपाल यादव समेत कई नेताओं की कैबिनेट से बर्खास्तगी से पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊहापोह की स्थिति है। कार्यकर्ता इस घटनाक्रम के लिए अमर सिंह को जिम्मेदार मान रहे हैं। समाजवादी छात्र सभा ने अतरपुरा चौपला पर प्रदर्शन कर अमर सिंह का पुतला फूंका।
समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता रविवार सुबह अतरपुरा गेट के पास एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अमर सिंह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा गुस्सा दिखाई दिया।
छात्र सभा के जिलाध्यक्ष संजय गहलौत ने कहा कि अमर सिंह भाजपा के दलाल हैं और उनके कारण पार्टी में फूट पड़ी है। ऐसे नेता को तुरंत पार्टी से निकाल देना चाहिए। उपाध्यक्ष एडवोकेट अनुज शर्मा ने कहा कि अमर सिंह दीमक की तरह पार्टी को खा रहे हैं।
इस दौरान पियूष मंडोतिया, नीरज गर्ग, अमित, सचिन, कुनाल, विनय कुमार, निमेष मौजूद रहे।