बुखार से सपा जिला महासचिव के चाचा और एक महिला की मौत हो गई। सर्दी बढ़ने के बावजूद भी गढ़ क्षेत्र में बुखार से हो रहीं मौतो का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गढ़ के गांव दौताई निवासी
साजिद चौधरी के 60 वर्षीय चाचा हाफिज जाकिर को सोमवार की दोपहर बुखार आया था। जिन्हें परिजनों ने स्थानीय चिकित्सक को दिखाया। साजिद चौधरी ने बताया कि दवा लेने के बाद घर लौटकर उनके चाचा ने इशा की नमाज अता की।
जिसके बाद अचानक तबियत बिगडने लगी। जिन्हें आनन-फानन में गढ़ के स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार से पहले की उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक ने गढ़ समेत कई गांवों की मस्जिदों में इमामत की थी।
जिससे उनकी मौत पर गढ़, अठसैनी, दौताई, वैट समेत कई गांवों में शोक की लहर दौड गई है। वहीं गढ़ नगर के मुख्य बाजार निवासी नईम सलमानी की 59 वर्षीय पत्नी खातून एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थी।
जिनका स्थानीय चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था। मंगलवार को उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई। गढ़ सीएचसी प्रभारी डॉ. एसपी सिंह का कहना है कि दोनों का उपचार प्राईवेट तौर पर कराया जा रहा था, जिससे उन्हें बुखार से मौत के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।