बाबूगढ़ में बछलौता रोड पर दुकान में चोरी की जानकारी करते पुलिसकर्मी। संवाद
बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव बाबूगढ़ के सामने बछलौता रोड स्थित मार्केट में बनी छह दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने बृहस्पतिवार की देर रात लाखों का माल, नकदी व सामान चोरी कर लिया। इनके अलावा चोरों ने चार दुकानों व एक मकान में भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन जाग होने पर चोर भागते हुए यहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। चोरी की घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच कर यहां से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के मुताबिक गांव उपैड़ा निवासी मोहम्मद इलियास की बछलौता रोड पर हार्डवेयर की दुकान हैै। चोर सबसे पहले ताला तोड़कर उनकी दुकान में दाखिल हुए और गल्ले में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने ताला तोड़कर गांव छपकौली निवासी अमित कुमार की लकड़ी की दुकान से करीब 50 हजार रुपये का सामान, हापुड़ नगर के स्वर्ग आश्रम रोड निवासी हनी की लकड़ी की दुकान से इंवर्टर, बैटरी, एक पंखा व एक हजार रुपये के सिक्के, गांव बाबूगढ़ निवासी मुकेश शर्मा की परचून की दुकान से 2500 रुपये का सामान, जिला लखीमपुर खीरी के गांव दानापुर निवासी सुरेश चंद्र शर्मा की कपड़ों व जूतों की दुकान से करीब 25 हजार रुपये के कपड़े व जूते और गांव छपकौली निवासी रोहित रोहिला की विद्युत उपकरणों की दुकान से चार पंखे चोरी कर लिए।
इनके अलावा चोरों ने गांव बछलौता निवासी कुलदीप की फर्नीचर की दुकान, गांव छपकौली निवासी इलियास की कपड़ों की दुकान व जितेंद्र कुमार की सोफे की दुकान, गांव छपकौली निवासी अशोक कुमार की बाइक रिपेयरिंग की दुकान और गांव बाबूगढ़ निवासी ओमप्रकाश के मकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया। आहट होने से यहां जाग होने से चोर भाग गए। यहां से भागते समय पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। शुक्रवार की सुबह सभी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर पहुंचे। दुकानों के ताले टूटे देख दुकानदारों के होश उड़ गए।
कई दुकानों में हुई चोरी की सूचना पर आसपास के दुकानदार भी यहां एकत्र हो गए। जिन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने सभी दुकानों की जांच पड़ताल कर यहां से साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि फुटेज में पहचान कर चोरों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीम को चोरी की घटनाओं के जल्द खुलासा के निर्देश दिए गए हैं।