गढ़मुक्तेश्वर। नगर पालिका की दुकानों एवं भवनों के टैक्स बढ़ाने के मुद्दे पर चल रहे विवाद के बीच पालिकाध्यक्ष राकेश कुमार ने बुधवार को अपना पक्ष सार्वजनिक करते हुए छह सभासदों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ सभासद सुनियोजित तरीके से नगर पालिका की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विकास कार्यों के दौरान कमीशन मांगने और दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
पालिकाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि नगर में किसी भी प्रकार का नया टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। केवल उन लोगों से नियमानुसार बकाया कर की वसूली की जा रही है, जिन्होंने पिछले 15 से 20 वर्षों से अपने मकान या दुकानों का टैक्स जमा नहीं किया है। ऐसे मामलों में नियमानुसार बकाया राशि और देय कर की वसूली की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि छह सभासद इस कार्रवाई को गलत तरीके से प्रस्तुत कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन और नारेबाजी कर नगर पालिका के खिलाफ अफवाह फैलाने और उनकी छवि धूमिल करने की साजिश कर रहे हैं। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि जिन वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं, वहां कुछ सभासद पहुंचकर ठेकेदारों और संबंधित लोगों पर दबाव बनाते हैं व कमीशन की मांग करते हैं।
वहीं, सभासदों की ओर से विनय सागर का कहना है कि जो हम सभासदों पर आरोप लगा रहे हैं, उन्हीं के विकास कार्यों की जांच के लिए शासन, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी से शिकायतें की गई हैं। उनकी जांच रिपोर्ट आने पर नगरवासियों को सच्चाई पता चल जाएगी।