रक्षाबंधन पर बहनों को बसों की किल्लत नहीं झेलनी पड़ेगी। मुख्यालय से रक्षाबंधन प्रोत्साहन योजना लागू की जा चुकी है। स्थानीय डिपो की बसों में 16-21 अगस्त तक यह योजना जारी रहेगा। योजना अवधि में स्टॉफ की छुट्टी पर प्रतिबंध रहेगा, हर पांच मिनट पर स्टॉपेज पर बसें मिलेंगी।
निर्धारित दूरी से अधिक बस चलाने पर कर्मियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 110 बसों का संचालन किया जाता है। रक्षाबंधन के मद्देनजर हजारों बहनें हापुड़ डिपो की बसों से सफर करती हैं।
ऐसे में बसें न मिलने से बहनों को सफर में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बार डिपो के अफसरों ने पहले ही बेहतर बस संचालन की व्यवस्था बना ली है। मुख्यालय से प्रोत्साहन योजना को चालू कर दिया गया है। इसकी गाइडलाइन डिपो के अफसरों को मिल चुकी है।
योजना के तहत बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। 16-21 अगस्त तक ग्रामीण मार्गों पर 1800, नगरीय मार्गों पर 1200 व नोएडा/ग्रेटर नोएडा मार्ग पर 1500 किलोमीटर गाड़ी चलाने पर 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि चालक/परिचालकों को मिलेगी।
इससे अधिक गाड़ी चलाने पर ग्रामीण, नोएडा/ग्रेटर नोएडा मार्ग पर 55 पैसे/किलोमीटर व नगरीय मार्ग पर 1.10 पैसे/किलोमीटर की दर से अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। वहीं योजना अवधि में कार्य करने वाले वर्कशॉप कर्मियों को 500 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह का कहना है कि 16 अगस्त से डिपो में प्रोत्साहन योजना शुरू कर दी जाएगी। इसकी गाइडलाइन मिल चुकी है। रक्षाबंधन के मद्देनजर बेहतर बस संचालन रहेगा।