गन्ना भुगतान को लेकर सोमवार को भाकियू एनएच-24 पर सिंभावली और ततारपुर गांव के पास चक्का जाम करेगी। जाम को सफल बनाने के लिए दिन भर भाकियू पदाधिकारी तैयारी में जुटे रहे।
गांव गांव जाकर गन्ना किसानों से जनसंपर्क कर भारी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। गन्ना भुगतान के लिए भाकियू ने एक फरवरी को एनएच-24 पर चक्का जाम करने की घोषणा कर रखी है।
पिछले दिनों एलान किया था कि जब तक भुगतान नहीं होगा सड़क नहीं छोड़ेंगे। भाकियू के जिला प्रभारी दिनेश खेड़ा ने बताया कि जाम को सफल बनाने के लिए रविवार को ग्राम सलोनी, जमालपुर, बक्सर, पौपाई, मानकचौक, दौताई, गंदू नंगला, बिहूनी आदि गांवों में जनसंपर्क किया है ताकि भारी संख्या में किसान जाम में पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि जब तक किसान का पेमेंट नहीं होगा या फिर हाईकमान नहीं कहेगा, जाम नहीं खुलेगा। भाकियू के जिलाध्यक्ष धनवीर शास्त्री का कहना है कि किसान बर्बादी के कगार पर है।
सरकार इस ओर गंभीर नहीं हैं। मिल मालिकों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो रही है। किसान को अपना पैसा लेने के लिए दर दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं।
कप्तान योगेश कुमार सिंह का कहना है कि ऐतियात के तौर पर सिंभावली और ततारपुर पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। ततारपुर पर एसओ हापुड़ देहात, हाफिजपुर, थाना प्रभारी कोतवाली तैनात रहेंगे।