कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि के मद्देनजर जिले भर में 496 पुलिसकर्मियों और 100 होमगार्डों को तैनात किया गया है। चप्पे-चप्पे पर तैनात यह पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मी सख्ती के साथ जांच पड़ताल कर रहे हैं।
हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में बुलंदशहर, पिलखुवा में ग्राम दहपा कांवड़ मार्ग, हाफिजपुर थाना क्षेत्र में मोड़ी कंला, गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में अल्लाबक्सपुर, अठसैनी, दौताई, सिंभावली थाना क्षेत्र में डिबाई, बुकलाना, बक्सर, बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में बहादुरगढ़, पलवाड़ा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसके अलावा हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में गेट नंबर 74, मोदीनगर तिराहा, मेरठ तिराहा, तहसील चौपला, गेट नंबर 73, पक्का बाग, हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में ततारपुर ओवरब्रिज, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर रोड चौपला, बीबीनगर मोड़, पिलखुवा थाना क्षेत्र में छिजारसी, डूहरी पेट्रोल पंप,
मोदीनगर बस स्टैंड, धौलाना कट, धौलाना थाना क्षेत्र में कस्बा चौराहा, सपनावत मंदिर, सिरोधन, हाफिजपुर थाना क्षेत्र में सोना पेट्रोल पंप, ब्रजनाथपुर नहर पुल, गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में पलवाड़ा मोड, स्याना चौपला, सिंभावली थाना क्षेत्र में वैट तिराहा, बक्सर हाइवे
क्रॉसिंग, बक्सर रेगुलेटर, बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में डेहरा कुटी तिराहे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इनमें सात निरीक्षक, 46 उपनिरीक्षक, 167 एचसीपी, 242 कांस्टेबिल, 34 महिला कांस्टेबिल शामिल हैं। इनके अलावा 100 होमगार्डों को भी तैनात किया गया है।
कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए 12 लैपर्ड बाइकों पर पुलिसकर्मी जिले के विभिन्न मार्गों पर गश्त करते रहेंगे। यह पुलिसकर्मी 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। दो पालियों में इन पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीओ और थाना प्रभारियों को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। रामनयन यादव, अपर पुलिस अधीक्षक
कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि के मद्देनजर पालिकाध्यक्ष मालती भारती ने सबली मंदिर और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बारिश के बाद कांवड़ मार्ग को तत्काल साफ किया जाए ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
बृहस्पतिवार को पालिकाध्यक्ष मालती भारती, सहायक अभियंता एसके सक्सेना व पालिका के अन्य अधिकारियों के साथ सबली मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर समिति के लोगों ने सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद पालिकाध्यक्ष फ्रीगंज रोड पर पहुंचीं। यहां से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री गुजरते हैं। कांवड़ मार्ग को पिछले ही दिनों पालिका अफसरों ने दुरुस्त कराया है। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि अगर बारिश आती है तो तत्काल मार्ग की सफाई करवाई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने शहर में सफाई और पथ प्रकाश की व्यवस्था बेहतर किए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अवर अभियंता सलमान, पवन त्यागी, पालिका सदस्य सुनील पटवारी, कविता सिंह, ब्रिजेश कुमार बिरजू, सन्नी त्यागी आदि मौजूद रहे।
रेलवे पार्क के पीछे रेलवे कर्मचारियों की ओर से हर वर्ष लगने वाले कांवड़ सेवा शिविर का रेलवे चिकित्सक डॉ. पुनीत गुप्ता ने उद्घाटन किया। रेलवे कर्मचारी मिलजुल कर इस शिविर को लगाते हैं। बड़ी संख्या में कांवड़िये यहां विश्राम करते हैं।
इस साल भी शिविर में कांवड़ियों के रुकने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर विनीत शर्मा, पंडित शैलेंद्र, वीके शर्मा, मुकेश कुमार, आदित्य, रामकुमार, डॉ. नितिन, राकेश, संजीव शर्मा, प्रदीप आदि मौजूद रहे।
कांवड़ सेवा शिविर लगाने के लिए एसडीएम कार्यालय से अब तक 20 लोगों को अनुमति मिल चुकी है। पुलिस व प्रशासन के अफसर भी शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान कमी मिलने पर अफसर उसे दूर करने के निर्देश भी दे रहे हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर हुई हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों सहित आम लोगों को भी बारिश की फुहार से काफी राहत मिली। कृषि अफसरों के अनुसार इन दिनों हो रही बारिश फसलों के लिए काफी लाभदायक होगी।
कभी बारिश, कभी तेज धूप से भयंकर उमस हो रही है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे हुई बारिश से मौसम ठंडा हो गया। इससे हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर अपने गंतव्य को लौट रहे शिवभक्तों को काफी राहत मिली।
बारिश में भीगते हुए शिवभक्त बोल बम के जयकारे लगाते हुए मंजिल की तरफ बढ़ते रहे। धान की फसल के लिए यह बारिश काफी लाभकारी है। कृषि विशेषज्ञों की मानें तो इन दिनों हो रही बारिश से फसल का उत्पादन अच्छा होगा।