कोहरे के कारण ट्रेनों के रद्द होने और लेट होने का सिलसिला जारी है। बुधवार को आने वाली शहीद एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को आने पर उसे रद्द कर दिया गया।
सद्भावना एक्सप्रेस भी दस घंटे विलंब से पहुंची जबकि अन्य सभी ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से एक से पांच घंटे की देरी से पहुंचीं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जयनगर से चलकर अमृतसर की ओर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस बुधवार की बजाए बृहस्पतिवार को पहुंची। इस पर ट्रेन को रद्द कर दिया गया।
इसके अलावा मुजफ्फरपुर से दिल्ली की ओर जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दस घंटा की देरी से पहुंची।
वहीं बरेली से चलकर भुज की ओर जाने वाली आला-हजरत एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से दो घंटा लेट आई।
फैजाबाद से चलकर दिल्ली की ओर जाने वाली फैजाबाद एक्सप्रेस तीन घंटा की देरी से पहुंची। बरेली से चलकर नई दिल्ली की ओर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से पहुंची।
रक्सौल से चलकर दिल्ली की ओर जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस भी डेढ़ घंटा की देरी से आई। लखनऊ से चलकर सहारनपुर की ओर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस ढाई घंटा की देरी से पहुंची।
इलाहाबाद से चलकर मेरठ की ओर जाने वाली संगम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पांच घंटा की देरी से आई।
इसके अलावा दिल्ली-शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेन भी साढ़े छह घंटा की देरी से पहुंची। अन्य ट्रेनें भी करीब एक एक घंटे की देरी से पहुंचीं।
स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से ट्रेनें पीछे से देरी से चल रही है। इसलिये वह हापुड़ स्टेशन पर भी देरी से आ रही हैं।