राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित करते प्रशिक्षक व अन्य। स्रोत अकादमी
गढ़मुक्तेश्वर। जूडो की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित देव आदित्य मेमोरियल जूडो अकादमी के सात खिलाड़ियों को शनिवार को अकादमी में सम्मानित किया गया। जूडो प्रशिक्षक सुबोध यादव ने बताया कि तीन जून को लखनऊ के हलवासिया कोर्ट में स्थित इंडियन जूडो अकादमी में कैडेट स्टेट जूडो सलेक्शन ट्रायल का आयोजन हुआ था। इसमें देव आदित्य मेमोरियल अकादमी के खिलाड़ियों ने सात पदक जीतकर क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है।
बताया कि चयनित खिलाड़ी 10 जून से 13 जून तक चंडीगढ़ में होने वाली राष्ट्रीय कैडेट जूडो चैंपियनशिप में उप्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। बताया कि चयनित खिलाड़ियों में असमा, निकिता, दीक्षिता शर्मा, महक, आरोही शर्मा, खुशी, ध्रुव चौधरी शामिल हैं। शनिवार को अकादमी में हुए समारोह में डॉ. कपिल बिसला, प्रबंधक राजेंद्र चौधरी, शिक्षाविद-कवि राजकुमार हिंदुस्तानी, खेल शिक्षक प्रमोद यादव ने प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस दौरान धर्मवीर, राजेश, अकबर, इसरार, आशीष आदि मौजूद रहे।