गढ़मुक्तेश्वर। ऑनलाइन गेम खेल रहे एक युवक को ओटीपी भेजकर साइबर ठगों ने खाते से चार हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
गांव नानपुर निवासी परवीन कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार की रात ऑनलाइन गेम खेल रहा था। तभी उस पर एक विज्ञापन आया, जिसको खोलने पर गेम के कुछ लेवल अनलॉक होने थे। जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसके फोन पर ओटीपी आ गया, उसने ओटीपी डाल दिया, इतने में ही उसके खाते से चार हजार रुपये निकल गए। मोबाइल पर पैसे निकलने का संदेश देख उसके होश उड़ गए। जिसके बाद उसने गेम की साइट पर लिखे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की, लेकिन नंबर नहीं मिल पाया। पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह का कहना है कि संबंधित मामले में साइबर क्राइम हेल्प डेस्क से ही मदद मिलेगी, यदि तहरीर आती है तो हेल्प डेस्क को भेजी जाएगी।