गाजियाबाद। संयुक्त जिला अस्पताल में नाक कान गला (ईएनटी) विभाग ने चिकित्सा क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है। यहां लार ग्रंथि (सलाइवरी ग्लैंड) के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर हुआ है। यह जटिल सर्जरी करीब तीन घंटे तक चली, दावा किया गया कि अस्पताल में इस तरह का ऑपरेशन पहली बार किया गया।
हरसांव निवासी 50 वर्षीय मीरा देवी पिछले दो वर्षों से लार ग्रंथि में दर्द की समस्या से परेशान थीं। खाना खाते समय उन्हें तेज दर्द होता था। उन्होंने संयुक्त जिला अस्पताल के ईएनटी सर्जन डॉ. राजेंद्र कुमार गोला से परामर्श लिया। जांच में डॉक्टर को लार ग्रंथि में गांठ का पता चला, जो समय के साथ धीरे-धीरे बढ़ती जा रही थी। गांठ के बढ़ने से मीरा देवी को निगलने और बोलने में भी तकलीफ होने लगी थी।
स्थिति गंभीर देखते हुए डॉ. गोला ने सर्जरी की सलाह दी। मरीज और परिजनों की सहमति के बाद 29 अक्तूबर को मीरा देवी को अस्पताल में भर्ती किया गया। 30 अक्ततूबर को ईएनटी सर्जन डॉ. राजेंद्र गोला, एनेस्थेटिस्ट डॉ. किशोर और उनकी टीम ने मिलकर करीब तीन घंटे तक चली सर्जरी में लार ग्रंथि से ट्यूमर को सावधानीपूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। चार दिन की लगातार देखरेख के बाद मीरा देवी पूरी तरह से स्वस्थ हो गईं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि यह ऑपरेशन अस्पताल के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पहली बार संयुक्त जिला अस्पताल में लार ग्रंथि के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया है, जिससे यह साबित होता है कि अब यहां जटिल सर्जरी भी संभव हैं। डॉ. गुप्ता ने सर्जरी करने वाली टीम को बधाई दी और कहा कि इससे मरीजों को बड़े अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी।