हापुड़। कांवड़ यात्रा के दौरान रोडवेज डिपो में तैनात चालक/परिचालकों की छुट्टियां रद्द रहेंगी। शिवभक्तों की संख्या बढ़ने के साथ ही अतिरिक्त बसों की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए एआरएम ने अन्य डिपो को भी पत्र लिखा है।
जिले में 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो जाएगी। जिले से लाखों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार कांवड़ लेने जाते हैं। हापुड़ डिपो से 60 बसें रिजर्व की गई हैं लेकिन शिवभक्तों की बढ़ती संख्या को लेकर अब अधिकारियों ने अतिरिक्त बसें चलाने का भी निर्णय लिया है।
हापुड़ डिपो से हर आधे घंटे में बस का संचालन हरिद्वार के लिए होगा। हालांकि शिवभक्तों की संख्या यदि बढ़ी तो संचालन और भी कम समय में किया जा सकता है। इसके अलावा प्राइवेट बस संचालकों ने भी इस रूट पर बसें दौड़ाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। परमिट लेने के साथ फिटनेस आदि कराने भी परिवहन विभाग पहुंच रहे हैं।
एआरएम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शिवभक्तों को कांवड़ यात्रा में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। शिवभक्तों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी।