हापुड़। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही रोडवेज डिपो से खाटू श्याम के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू की जाएगी। एआरएम ने इस संबंध में निगम को प्रस्ताव भेजा है।
शहर व आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु आए दिन खाटू श्याम धाम के लिए रवाना होते हैं। लेकिन शहर से सीधे न तो रेल सेवा की सुविधा है और न ही रोडवेज सेवा सुविधा है। इस मामले में मेरठ हापुड़ लोकसभा के पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने भी निगम अधिकारियों ने बस सेवा शुरू कराने की मांग रखी थी। मेरठ से भी खाटू श्याम के लिए बस सेवा शुरू करने की तैयारी है, जो हापुड़ होते हुए जाएगी। वहीं हापुड़ डिपो द्वारा भी रोजाना एक बस का संचालन खाटू श्याम के लिए कराने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में अधिकारियों ने निगम को भी प्रस्ताव भेज दिया है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि खाटू श्याम के लिए रोडवेज बस सेवा जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इस संबंध में रीजन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है, परमिट मिलने के बाद बस का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।